






आजमगढ़: भुवना बुजुर्ग में शुक्रवार को आयोजित जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। तहसील सगड़ी के विकासखंड अजमतगढ़ अंतर्गत आयोजित चौपाल में डीएम ने गांव का भ्रमण कर घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद भी किया।
चौपाल के दौरान अंश निर्धारण और वरासत से जुड़े मामलों में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। जांच में 67 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री लंबित मिलने और पांच मामलों में नामों की गड़बड़ी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। सरकारी भूमि से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित लेखपाल सूर्यजीत को निलंबित करने और विभागीय जांच कराने के निर्देश उप जिलाधिकारी सगड़ी को दिए गए।
पेंशन योजनाओं के सत्यापन में मृत व्यक्तियों के नाम सूची में मिलने पर डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल नाम हटाने के निर्देश दिए। वहीं 70 वर्षीय रामबचन राजभर का वृद्धावस्था पेंशन आवेदन मौके पर ही ऑनलाइन कराया गया। बिजली संबंधी शिकायतों में ग्रामीणों ने जेई पर अवैध वसूली का आरोप लगाया, जिस पर अधीक्षण अभियंता को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने और विद्युत समस्याओं के त्वरित समाधान का भी निर्देश दिया गया।
राशन कार्ड और उज्ज्वला योजना की समीक्षा में तीन अपात्र लोगों के कार्ड निरस्त करने और पांच पात्र लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। जलभराव की समस्या को देखते हुए गांव में नाला निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की गई।
चौपाल में आयोजित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कैंप में 16 आवेदन प्राप्त हुए। डीएम ने ग्रामीणों को योजना की जानकारी देते हुए सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को बिना गारंटी और बिना ब्याज पांच लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी।
स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा के दौरान सामुदायिक शौचालय की साफ-सफाई का जिम्मा संभाल रहीं कलावती के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उन्हें आगामी 15 अगस्त को कलेक्ट्रेट में प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा भी की।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में कई मजरों में नल कनेक्शन और नियमित जलापूर्ति न मिलने की शिकायत पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। ग्राम भ्रमण के दौरान खेत में गिरे विद्युत तार को देखकर भी उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और मामले की रिपोर्ट तलब की।
जन चौपाल और ग्राम भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर खुशी जताई और समस्याओं के समाधान पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
