बिस्तर पर चढ़े जहरीले सांप ने युवक को डसा, इलाज के दौरान मौत, कोहड़ी बुजुर्ग गांव में सर्पदंश से 32 वर्षीय कन्हैया कुमार की गई जान, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Uncategorized

आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के कोहड़ी बुजुर्ग गांव में मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि सर्पदंश से एक युवक की मौत हो गई। घर में सो रहे युवक को जहरीले सांप ने बिस्तर पर चढ़कर डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए कई अस्पतालों में लेकर दौड़े, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, कोहड़ी बुजुर्ग गांव निवासी कन्हैया कुमार (32), पुत्र इंद्रजीत, मंगलवार की रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीला सांप उनके बिस्तर पर चढ़ गया और उन्हें डस लिया। सर्पदंश के कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर देख परिजन उन्हें तत्काल बिलरियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।
हालांकि, हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने कन्हैया कुमार को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां भी उनकी हालत गंभीर बनी रही। चिकित्सकों ने उन्हें दोबारा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही कन्हैया कुमार ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बुधवार को मृतक के भाई राजन पुत्र इंद्रजीत ने घटना के संबंध में कंधरापुर थाने में तहरीर दी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
बुधवार की शाम करीब पांच बजे तक मृतक के घर पर चीख-पुकार मची रही। परिजन कन्हैया की असमय मौत से सदमे में हैं। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *