शराब के नशे में स्कूल बस चला रहा था ड्राइवर, बच्चों की जान पर बनी आफत, करतालपुर तिराहे पर पकड़ा गया चालक, बस सीज और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त; बच्चों को दूसरे वाहन से सुरक्षित घर पहुंचाया गया

Uncategorized

आजमगढ़, 3 सितंबर। करतालपुर तिराहे के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में स्कूल बस चालक स्कूली छात्र-छात्राओं को लेकर सड़क पर दौड़ाता मिला। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को रुकवाया और बच्चों को सुरक्षित दूसरे वाहन से उनके घर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल बस संख्या UP50ET4703 का चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। सूचना मिलने पर निरीक्षक यातायात पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस में सवार छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकलवाया। बाद में संबंधित विद्यालय के दूसरे वाहन से सभी बच्चों को उनके घर पहुंचाया गया।
ड्रंक एंड ड्राइव में चालान, लाइसेंस निरस्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एआरटीओ आजमगढ़ को बुलाया गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालक का ड्रंक एंड ड्राइव में चालान किया गया। साथ ही उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराया गया।
पुलिस ने स्कूल बस को भी सीज कर दिया। सीज की गई बस को कंधरापुर थाने के परिसर में निरुद्ध किया गया है।
स्कूल के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षण संस्थान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है। अधिकारियों की कार्रवाई से स्कूल बस संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
स्कूली बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों में सुरक्षा मानकों और चालक की स्थिति की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है, यह मामला इसका गंभीर उदाहरण है। पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *