मछली पालन के तालाब में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Uncategorized

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के बखरिया ग्राम पंचायत में रविवार को मछली पालन के तालाब से एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की जांच कराने की मांग की है।
बखरिया ग्राम पंचायत निवासी पवन गिरी (32) पुत्र प्रेम गिरी मछली पालन के तालाब की रखवाली करता था। बताया गया कि रविवार को घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित तालाब में उसका शव पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पवई पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत तालाब में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
बताया जाता है कि पवन चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी भी पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। युवक की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *