72 घंटे बाद भी नहीं बदला ट्रांसफार्मर, सैकड़ों घरों में अंधेरा; ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

Uncategorized

अतरौलिया (आशीष कुमार निषाद)। क्षेत्र के लोहरा डंडवा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने के बाद सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। ट्रांसफार्मर फुंके 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। नाराज ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन कर जल्द ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि शासन की ओर से खराब ट्रांसफार्मर को 24 घंटे के भीतर बदलने का दावा किया जाता है, लेकिन लोहरा डंडवा गांव में तीन दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर जलने की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार फोन के माध्यम से दी गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि अब तक विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तक नहीं आया।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव के करीब सैकड़ों घर प्रभावित हैं। उमस और गर्मी के बीच ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। घरेलू कामकाज के साथ ही बिजली पर निर्भर अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान मुकेश मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, अविनाश सिंह, आदित्य उपाध्याय, प्रतीक सिंह, पंकज सिंह, आनंद सिंह, रामबचन गौड़, अमित सिंह, शिवम गौड़, अंगद सिंह, परमहंस सिंह, मंगल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी प्रवीन वर्मा ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से क्षेत्र में कई ट्रांसफार्मर जल गए हैं। संबंधित ट्रांसफार्मरों के लिए पीआर (प्रतिस्थापन प्रक्रिया) लगा दी गई है। लोहरा डंडवा गांव में ट्रांसफार्मर भेजा जा रहा है और जल्द ही उसे स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *