नवागत एसपी सिटी मानुष पारीक का बड़ा खुलासा, दो मुठभेड़ों में पांच गिरफ्तार, तीन के पैर में लगी गोली, एसपी सिटी बोले- दिन में रेकी, शाम को शटर तोड़कर चोरी करता था गिरोह; 24 लाख के चांदी के जेवर, चार तमंचे और अर्टिगा कार बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। नवागत एसपी सिटी मानुष पारीक ने तरवां और निजामाबाद थाना क्षेत्रों में ज्वेलरी की दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि दोनों थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी है। तरवां में एक और निजामाबाद में दो आरोपी मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हैं।

एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश निवासी सुनील भी शामिल है, जिसे गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले से 22 मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

नवागत एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 9 किलो 300 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये है। इसके अलावा चार तमंचे और बिना नंबर प्लेट की एक अर्टिगा कार भी बरामद हुई है।

मानुष पारीक ने बताया कि गिरोह के सदस्य अर्टिगा कार से दिन में ज्वेलरी की दुकानों की रेकी करते थे और शाम को मौका देखकर शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की अन्य वारदातों और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *