एक दिन की डीएम खुशी सिंह के आदेश पर खरिहानी में अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक सील, जनता दर्शन में मिली शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, जांच में पंजीकरण नहीं मिलने पर की गई सीलिंग

Uncategorized

आजमगढ़। मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन की जिलाधिकारी बनीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा खुशी सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने खरिहानी बाजार में संचालित एक अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया। जनता दर्शन में मिली शिकायत के बाद विभाग ने मौके पर जांच कर यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन कक्ष में खरिहानी निवासी शिवकुमार मौर्य ने क्षेत्र में कथित अवैध क्लीनिक संचालित होने की शिकायत की थी। एक दिन की डीएम खुशी सिंह ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने शुक्रवार को जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम खरिहानी बाजार भेजी। टीम में डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल तथा पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ल शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान भवन के एक हिस्से में आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार की व्यवस्था पंजीकृत मिली। निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने पर उसे संचालित रहने दिया गया।

वहीं, भवन के अंदरूनी हिस्से में ‘दांत का अस्पताल’ नाम से डेंटल क्लिनिक संचालित मिला। वहां बीडीएस (BDS) का बोर्ड लगा था, लेकिन जांच में चिकित्सा प्रतिष्ठान का आवश्यक पंजीकरण नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय क्लिनिक में कोई मरीज मौजूद नहीं था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि जिले में संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित पंजीकरण और अन्य वैधानिक प्रावधानों का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *