






आजमगढ़। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासियों ने एक युवक पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम मनचोभा थाना कोतवाली निवासी साहिल उपाध्याय पुत्र अशोक उपाध्याय ने पीड़ितों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम वसूली। आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग बहानों से जैसे पुलिस वेरिफिकेशन, दस्तावेज सत्यापन और ज्वाइनिंग के नाम पर पैसे लिए।
पीड़ित रोशिला यादव पत्नी सुनील यादव निवासी समेदा थाना सिधारी, करिश्मा यादव तथा उर्मिला देवी सहित अन्य लोगों से आरोपी ने लाखों रुपये की ठगी की। पीड़ितों के अनुसार, उनसे कुल लगभग 6.30 लाख रुपये ऑनलाइन और करीब 6 लाख रुपये नकद वसूले गए।
इसके अलावा, अशोक चौहान निवासी नरांव थाना मुबारकपुर से भी करीब 9.50 लाख रुपये लिए गए, जिसमें कुछ राशि ऑनलाइन और शेष चेक के माध्यम से दी गई।
आरोप है कि आरोपी ने नौकरी न मिलने की स्थिति में भुगतान वापस करने के लिए दो चेक (3 लाख और 6.50 लाख रुपये) दिए थे, लेकिन जब पीड़ितों ने चेक बैंक में लगाए तो दोनों बाउंस हो गए।
पीड़ितों का कहना है कि आरोपी फर्जी नियुक्ति पत्र देकर फरार हो गया है। फोन करने पर वह जवाब नहीं देता और कभी-कभी धमकी देता है कि पुलिस में शिकायत करने पर जान से मरवा देगा। आरोपी खुद को आरटीआई एक्टिविस्ट और एक केंद्रीय संगठन का पदाधिकारी बताकर लोगों को भ्रमित करता था।
पीड़ितों ने यह भी बताया कि उन्होंने यह रकम घर के गहने बेचकर और कर्ज लेकर जुटाई थी, जिससे अब उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।
पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनकी रकम वापस दिलाई जाए।
