
आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा कस्बे में मंगलवार शाम भूमि विवाद को लेकर एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप उसके सगे छोटे भाई पर लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार नयापुरा निवासी 25 वर्षीय दिलशेर लगभग 10 दिन पूर्व ही सऊदी अरब से अपने घर लौटा था। परिवार में काफी समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि मंगलवार शाम इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई और मौका पाकर हमलावर अनस ने दिलशेर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर गंभीर वार होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल के पास स्थित बगीचे में भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची जहानागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसके पति की हत्या उसके सगे भाई ने भूमि विवाद के चलते की है। पुलिस आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटने के कारण पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को वहां से हटाया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
