
आजमगढ़। जनपद में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने डायल-112 के दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही पाए जाने पर एक मुख्य आरक्षी और एक आरक्षी को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 में तैनात मुख्य आरक्षी बृजलाल पटेल और आरक्षी कमलेश कुमार गौड़, जो वर्तमान में थाना जहानागंज की पीआरवी पर नियुक्त हैं, पर आरोप है कि 5 जुलाई 2026 को पीआरवी चालक होमगार्ड राधेश्याम द्वारा वाहन को लापरवाही से चलाते हुए दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके बावजूद दोनों पुलिसकर्मियों ने न तो इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी और न ही अपने प्रभारी अधिकारियों को अवगत कराया।
मामले की समीक्षा के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों की अनुशासनहीनता, अकर्मण्यता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता सामने आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत विभागीय जांच संस्थित करते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या गैर-जिम्मेदाराना आचरण पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग के प्रति उसकी प्रतिबद्धता सर्वोच्च है तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
