लड़की से मिलने आए युवक की संदिग्ध मौत, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस, लड़की हिरासत में, जहरीला पदार्थ खाने के बाद फांसी लगाने की सूचना; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Uncategorized

आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के सिधारी गांव में प्रेमिका से मिलने आए 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी दीपक (26) का मेहनगर थाना क्षेत्र के सिधारी गांव निवासी 26 वर्षीय लड़की से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही मेहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी है। प्रेमिका तनु को हिरासत में लेकर युवक की मौत के संबंध में पूछताछ की जा रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *