
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए करीब 100 किलोग्राम वजन का चोरी हुआ लोहे का शटर बरामद कर लिया। इस मामले में एक चोर और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में संगठित चोरी गिरोह का भी खुलासा हुआ है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को खुझियाँ गांव निवासी इन्द्रबली यादव की दुकान से अज्ञात चोर करीब 100 किलोग्राम वजन का लोहे का शटर चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुबारकपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर सीसा ढाबा के पास घेराबंदी कर अवनीश चौहान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर पुलिस जमुड़ी स्थित एक कबाड़ की दुकान पर पहुंची, जहां से चोरी गया 100 किलोग्राम वजन का लोहे का शटर बरामद कर लिया गया। मौके से कबाड़ दुकानदार खलीलुल्लाह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका तीन सदस्यीय गिरोह है। गिरोह में अवनीश चौहान और श्रवण कुमार चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे, जबकि चोरी का सामान कबाड़ी खलीलुल्लाह की दुकान में छिपाकर रखा जाता था। बाद में उसे ऊंचे दामों पर बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बराबर-बराबर बांट ली जाती थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार कबाड़ी खलीलुल्लाह पहले भी चोरी का माल खरीदने के कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना सिधारी में चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अवनीश चौहान, निवासी धर्मागतपुर, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर तथा खलीलुल्लाह, निवासी जमुड़ी, थाना मुबारकपुर शामिल हैं। पुलिस फरार आरोपी श्रवण कुमार की तलाश में जुटी है। बरामद शटर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
