
आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के सिधारी गांव में युवती के घर युवक का शव मिलने के मामले में मृतक के परिजनों ने युवती के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। शुक्रवार की रात जिला अस्पताल में युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद से मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जहानागंज थाना क्षेत्र के धर्मापुर निवासी चंद्रभान ने बताया कि उनका पुत्र दीपक घर से यह कहकर निकला था कि वह जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहा है और सुबह लौट आएगा। उस समय परिवार के लोगों को यह जानकारी नहीं थी कि वह युवती के बुलाने पर उसके घर जा रहा है। घटना के बाद उन्हें इस बारे में पता चला।
दीपक के पिता ने बताया कि वह शुक्रवार को दिन में आजमगढ़ आए थे। इसी दौरान नगर कोतवाली से फोन आया कि उनके बेटे के साथ हादसा हो गया है। इसके बाद वह थाने पहुंचे, जहां उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने युवती के परिजनों पर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
वहीं, लालगंज क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की ओर से विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।
