आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे का CCTV फुटेज आया सामने, बाप-बेटे की मौत, नींद आने से डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, महिला और दो बच्चे घायल; दिल्ली से मऊ लौट रहा था परिवार

Uncategorized

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तहबरपुर क्षेत्र के ओहनी गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। स्टोन नंबर 216.2 पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला और दो बच्चे घायल हो गए। कार सवार सभी लोग दिल्ली से मऊ स्थित अपने घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ।

शादी में शामिल होने घर लौट रहा था परिवार

मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी 52 वर्षीय शादाब दिल्ली में सिविल इंजीनियर थे। वह परिवार के साथ दिल्ली के जामिया नगर स्थित हाजी कॉलोनी में रहते थे। रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए वह अपने परिवार के साथ कार से गांव लौट रहे थे। कार में उनके 83 वर्षीय पिता खुर्शीद अहमद, 45 वर्षीय पत्नी आसमां बानो, 15 वर्षीय बेटी मायरा और नौ वर्षीय बेटा अदनान अहमद सवार थे। कार शादाब चला रहे थे।

डिवाइडर से टकराकर पलट गई कार

तहबरपुर थाना क्षेत्र के ओहनी गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चालक को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार दाहिनी तरफ स्थित डिवाइडर से टकराई और उसी लेन में बाईं ओर जाकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हादसे के दौरान कार के डिवाइडर से टकराने और पलटने का दृश्य दिखाई दे रहा है।

अस्पताल में पिता-पुत्र ने तोड़ा दम

हादसे की सूचना पर पहुंची यूपीडा की बचाव टीम ने सभी घायलों को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने शादाब और उनके पिता खुर्शीद अहमद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आसमां बानो, मायरा और अदनान अहमद को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, अदनान की हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच-पड़ताल में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *