रास्ता पूछने के विवाद में गर्दन पर चाकू से किया वार, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने मार्ग के तिराहे से पकड़ा, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बेला गांव के तिराहे के पास रास्ता पूछने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गर्दन पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, बेला गांव निवासी नीलम मिश्रा पत्नी सद्गुरु प्रसाद मिश्रा ने 19 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर बताया कि 18 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे खेतापट्टी-फत्तेपुर पक्की सड़क पर बेला गांव के तिराहे के पास रास्ता पूछने की बात को लेकर आंशु राजभर ने उनके पति सद्गुरु प्रसाद मिश्रा की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 192/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दीदारगंज पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर संग्रामपुर से फत्तेपुर जाने वाले रास्ते के तिराहे से दोपहर करीब 1:10 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैथौली गांव निवासी आंशु राजभर पुत्र गोविन्द राजभर (27) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह यादव, कांस्टेबल महेश यादव, वीरेन्द्र कुमार और अंकित कुमार कुशवाहा शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *