
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में दर्ज दो मुकदमों में वांछित चल रहे दो आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय से जारी उद्घोषणा प्रक्रिया का अनुपालन कराया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के निवास स्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर नोटिस चस्पा कराए। साथ ही संबंधित मोहल्लों में मुनादी भी कराई गई।
पुलिस के अनुसार, सिधारी थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 81/2025 में धारा 318(2), 317(4) बीएनएस तथा मुकदमा संख्या 83/2025 में धारा 318(2), 351(2), 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं। इन मुकदमों में वसीम अब्बास पुत्र इमरान अब्बास उर्फ जवहरी और तालीब अब्बास पुत्र इमरान अब्बास उर्फ जवहरी वांछित हैं।
वसीम अब्बास (32) फर्रुखाबाद जनपद के घेरसामु, ठंडी सड़क क्षेत्र का निवासी है, जबकि तालीब अब्बास (35) सीतापुर जनपद के महमूदाबाद में एसडीएम आवास के सामने रहता है। दोनों के विरुद्ध न्यायालय से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत जारी प्रक्रिया की तामीला उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने नियमानुसार कराई।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दोनों आरोपितों के निवास स्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा किए। संबंधित क्षेत्रों में मुनादी कराकर भी इसकी जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
