पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को किया नमन, कर्तव्य और बलिदान को किया याद

Uncategorized

आजमगढ़। पुलिस लाइन स्थित स्मृति स्थल पर बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस दौरान कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में आजमगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने सुबह आठ बजे शहीद पुस्तिका का वाचन किया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्मृति स्थल पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, सहायक कमांडेंट पीएसी देव आनंद, क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश पांडेय, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर समेत जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा करने का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पण, साहस और त्याग की शहीद पुलिसकर्मियों की विरासत सदैव पुलिस बल को प्रेरित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *