
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के कुजियारी गांव स्थित काली चौराहे के पास बुधवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
मृतक की पहचान संजय कुमार (22) पुत्र मंगल निवासी असनी गांव, थाना निजामाबाद के रूप में हुई। बताया गया कि संजय बुधवार को संजरपुर बाजार से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुजियारी गांव के काली चौराहे के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही निजामाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
