मिशन शक्ति अभियान: 2,550 लोगों को किया जागरूक, 455 को चेतावनी, एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्रवाई, दो आरोपित गिरफ्तार; 26 थानों में 94 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Uncategorized

आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत गुरुवार को आजमगढ़ पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। जनपद के सभी 26 थानों में आयोजित 94 कार्यक्रमों के माध्यम से 2,550 लोगों को जागरूक किया गया। वहीं, एंटी रोमियो स्क्वाड ने चेकिंग के दौरान 455 लोगों को चेतावनी दी और दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत महिला बीट पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को जागरूक किया। कुल 65 ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में आयोजित कार्यक्रमों में 2,010 महिलाएं और बालिकाएं तथा 540 पुरुष शामिल हुए।

कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 तथा एंबुलेंस सेवा 102 और 108 के बारे में बताया गया। कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित कानून के प्रति भी जागरूक किया गया। अभियान के दौरान 1,912 मुद्रित प्रचार सामग्री और 12 ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी वितरित की गईं।

दूसरी ओर, एंटी रोमियो स्क्वाड ने 57 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 1,106 व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 455 व्यक्तियों को चेतावनी दी गई। सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वाले 47 वाहनों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त 504 निजी टैक्सी और अन्य वाहनों की जांच कर उनका सत्यापन किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *