पुराने कुएं की पटिया पर बैठकर ब्रश कर रही थी बच्ची, सांप के काटने से मौत

Uncategorized

आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के हठौता गांव में बुधवार सुबह सांप के काटने से 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। कक्षा चार में पढ़ने वाली छात्रा को परिजन उपचार के लिए मऊ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां देर शाम उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

मृतका की पहचान हठौता गांव निवासी संजय यादव की पुत्री कुसुमांजलि यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह कुसुमांजलि घर के बाहर स्थित एक पुराने कुएं की पटिया पर बैठकर रोजाना की तरह ब्रश कर रही थी। इसी दौरान उसे सांप ने काट लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए मऊ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने इलाज किया, लेकिन देर शाम बच्ची की मौत हो गई।

बताया गया कि कुसुमांजलि दो बहनों और एक भाई में शामिल थी। वह एक निजी विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी। उसके पिता संजय यादव पत्रकार होने के साथ ही समाजसेवा से भी जुड़े हैं। पिता के अनुसार, कुसुमांजलि पढ़ाई में बेहद होनहार थी और अपनी कक्षा में हमेशा प्रथम स्थान प्राप्त करती थी। बेटी की प्रतिभा और लगन से परिवार को काफी उम्मीदें थीं।

परिजनों ने बताया कि बच्ची प्रतिदिन सुबह पुराने कुएं की पटिया पर बैठकर ब्रश करती थी। कुआं ढका होने के कारण किसी को वहां सांप होने का अंदेशा नहीं था। बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों ने कुएं की पटिया हटाकर देखा तो उसके अंदर सांप दिखाई दिया। इसके बाद आशंका जताई गई कि बच्ची को उसी सांप ने काटा था।

होनहार बेटी की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्ची के उज्ज्वल भविष्य के सपने संजोए जा रहे थे, उसकी अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *