सिधारी घाट पर हुआ तमसा बचाओ जागरण यात्रा का भव्य स्वागत, नदी संरक्षण का लिया संकल्प, भजन, तमसा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा घाट, 4 नवंबर को बलिया के गंगा-तमसा संगम पर पहुंचेगी यात्रा

Uncategorized

आजमगढ़। गंगा समग्र के तत्वावधान में दुर्वासा धाम से निकली तमसा बचाओ जागरण यात्रा का सोमवार को नगर के सिधारी घाट पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के बीच सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता अखिलेश मिश्र गुड्डू रहे, जबकि अध्यक्षता श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर श्री रामकृष्ण दास जी महाराज ने की। संचालन साहित्यकार संजय कुमार पांडेय सरस ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत यात्रा संयोजक एवं सुप्रसिद्ध कवि सुभाष चंद्र तिवारी कुंदन द्वारा रचित तमसा आरती से हुई। कलाकार विपुल पांडेय ने आकर्षक अंदाज में आरती प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद राजेश रंजन सहित अन्य गायक कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

अध्यक्षीय संबोधन में महामंडलेश्वर रामकृष्ण दास जी महाराज ने कहा कि नदी संरक्षण केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। नदियों की सेवा प्रकृति और मानवता की सेवा है। मुख्य अतिथि अखिलेश मिश्र गुड्डू ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जुड़कर तमसा नदी के संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए।
गंगा समग्र आर्यमगढ़ के विभाग संरक्षक सुभाष चंद्र तिवारी कुंदन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को दुर्वासा धाम से शुरू हुई यात्रा द्रोणाचार्य, दत्तात्रेय और चंद्रमा ऋषि आश्रम होते हुए आगे बढ़ी है। यात्रा रसड़ा होते हुए चार नवंबर को बलिया स्थित गंगा-तमसा संगम पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक धरोहर को बचाने का सामूहिक संकल्प है।
कार्यक्रम के अंत में गोरक्ष प्रांत संयोजक राजकिशोर मिश्र ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर गंगा समग्र के प्रांत सहसंयोजक अजय कुमार राय, तमसा भाग संयोजक दिलीप शर्मा, जिला संयोजक डॉ. एचएन पाठक, महंत संजय पांडेय, रासबिहारी सिंह, विश्वदेव उपाध्याय, जवाहर पाठक, पंचदेव पांडेय, रणविजय सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, राजेश पांडेय, उमाशंकर पांडेय, सच्चिदानंद राय, गिरीश सेठ, राजीव आर्य और बालदत्त गौड़ सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *