
आजमगढ़। जौनपुर जिले के खेतासराय रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के बेलवाना गांव निवासी जितेंद्र यादव के पुत्र शिवम यादव उर्फ रवि यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने रेलवे स्टेशन के पास अपनी बाइक खड़ी की और ट्रेन के आगे कूद गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिवम यादव शनिवार को घर से परीक्षा देने जाने की बात कहकर निकला था। कुछ देर बाद परिजनों को फोन के माध्यम से खेतासराय रेलवे स्टेशन के पास उसके साथ हादसा होने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि युवक की बाइक स्टेशन के पास खड़ी मिली। ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह उछलकर करीब 40 मीटर दूर जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। स्टेशन मास्टर ने थाने पहुंचकर घटना की सूचना देते हुए तहरीर दी है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर दिए जाने की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
परिजनों के अनुसार, शिवम की शादी करीब एक वर्ष पहले मुस्तफाबाद जैगहा बाजार निवासी डॉ. भीम यादव की बेटी से हुई थी। वह अपने चाचा डॉ. कालेंद्र यादव के साथ रहकर प्रैक्टिस कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी विंदू यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
