
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आजमी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और पार्टी ने 300 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। उनका दावा है कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से नाराज है और बदलाव चाहती है।
शनिवार को मेहनगर विधानसभा क्षेत्र के मंगरावां गांव पहुंचे अबू आसिम आजमी एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की राजनीति, आगामी विधानसभा चुनाव और सत्तापक्ष-विपक्ष के बीच जारी बयानबाजी पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार के कार्यकाल को लोग याद कर रहे हैं। उनके मुताबिक, जनता आगामी चुनाव में बदलाव के लिए तैयार है।
गांव से आज भी जुड़ा है नाता
अबू आसिम आजमी ने मंगरावां गांव से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि आजमगढ़ उनका अपना जिला है और यहीं उनका जन्म व बचपन बीता है। रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई जाने के बावजूद उनका अपने गांव और क्षेत्र से रिश्ता कायम है। वह अपने मित्र राशिद की बहन की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई से मंगरावां पहुंचे थे।
पोस्टर वार और एआई पर भी साधा निशाना
चुनावी पोस्टर वार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार की जा रही सामग्री पर उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में तकनीक के जरिए किसी के बारे में भी भ्रामक सामग्री बनाई जा सकती है। उन्होंने इस तरह की राजनीतिक बयानबाजी को नौटंकी करार देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, नौजवानों तथा दबे-कुचले और उपेक्षित वर्गों की आवाज उठाती है।
राजनीतिक भाषा और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल
सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं की भाषा पर पूछे गए सवाल के जवाब में आजमी ने सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर चिंता जताई। उन्होंने महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों का उल्लेख करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
जांच एजेंसियों की कार्रवाई और मौजूदा राजनीतिक माहौल पर उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता का इस्तेमाल लोगों को डराने और दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि लोग अब सड़कों पर उतर रहे हैं और आने वाले समय में राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।
