
बरदह, आजमगढ़। दुबरा बाजार में शराब के नशे में एक व्यक्ति के सिर पर घातक वस्तु से वार कर उसकी हत्या करने के मामले में बरदह पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेश विश्वकर्मा उर्फ काम्बली (38) पुत्र दुक्खू निवासी ग्राम गौरा, थाना गौराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे पारा मोड़ से सुबह करीब 9:25 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे दुबरा बाजार में राजेश विश्वकर्मा उर्फ काम्बली ने शराब के नशे में सतीश अग्रहरी के सिर पर किसी घातक वस्तु से वार कर दिया था। हमले में सतीश के सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जौनपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के भाई दीपू अग्रहरी की तहरीर पर 31 अक्टूबर को थाना बरदह में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 340/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक रितेश खरवार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाने में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रितेश खरवार, हेड कांस्टेबल मुकेश विश्वकर्मा और कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।
