
आजमगढ़। जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर बरदह थाना क्षेत्र के जिवली स्थित सरकारी समिति गोदाम के पास बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 28 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
मौके पर शव के पास खून फैला हुआ था। युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जबकि पैर की तरफ भी खून के निशान मिले। शरीर के अन्य हिस्सों पर कोई स्पष्ट चोट दिखाई नहीं दे रही थी। घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर हाईवे की दूसरी पटरी पर एक स्कूटी लावारिस हालत में मिली। स्कूटी मृतक की होने की आशंका जताई जा रही है। उसकी चाबी शव के पास पड़ी मिली। स्कूटी पर गुजरात का नंबर (GJ 27 CK 9856) दर्ज है। पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में ले लिया है।
स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि युवक की हत्या कर शव को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई है। वहीं, यह भी संभावना जताई जा रही है कि हाईवे से गुजर रहे किसी वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई हो। हालांकि, अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है या हत्या कर शव वहां फेंका गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।
