
आजमगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष तथा आजमगढ़ मंडल के पूर्व प्रभारी विश्व विजय सिंह का प्रथम बार आजमगढ़ आगमन हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष द्विवेदी के कार्यालय पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव विश्व विजय सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार गरीबों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा करने सहित हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर इंडिया गठबंधन के साथ गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की सरकार बनाने का काम करेगी।
समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व जल्द ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट कर देगा। कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में गठबंधन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा।
अपने स्वागत से अभिभूत विश्व विजय सिंह ने सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके राजनीतिक जीवन के निर्माण में आजमगढ़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यहां के प्रत्येक देवतुल्य कार्यकर्ता के प्रति वह सदैव कृतज्ञ रहेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुमन सिंह, सुरेंद्र सिंह, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम उपाध्याय, उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के महासचिव अमर बहादुर यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रविकांत त्रिपाठी, शहजादे सिंह, छोटू बाबू, पूर्व महासचिव आशुतोष रजत और रामप्यारे यादव सहित अन्य नेताओं ने अंगवस्त्र भेंटकर विश्व विजय सिंह को सम्मानित किया।
वहीं, आशुतोष द्विवेदी ने स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
