
अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद (आजमगढ़)। नगर पंचायत क्षेत्र में एक मछली पालक को उस समय भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा, जब उसके तालाब में पल रही करीब डेढ़ सौ क्विंटल मछलियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मछलियां बिक्री के लिए पूरी तरह तैयार थीं। इस घटना में करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। मछली पालक ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तालाब में जहरीला पदार्थ डालने की आशंका जताई है।
कस्बा निवासी मछली पालक मुश्ताक अहमद ने बताया कि वह पिछले पांच से सात वर्षों से मछली पालन का कार्य कर रहे हैं। गौरी गांव से मछली के बच्चे लाकर तालाब में पालते हैं। इन्हें बिक्री के लिए तैयार होने में करीब एक से डेढ़ साल का समय लगता है। इस बार भी तालाब की मछलियां लगभग तैयार हो चुकी थीं।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले तालाब का पीएच स्तर कम होने के कारण कुछ मछलियां मर गई थीं। इसके बाद दवा डालकर स्थिति नियंत्रित कर ली गई थी, लेकिन बीती रात अचानक बड़ी संख्या में मछलियां मर गईं। सुबह तक मृत मछलियां पानी की सतह पर उतराने लगीं। देखते ही देखते पूरे तालाब में मरी हुई मछलियां दिखाई देने लगीं।
मुश्ताक अहमद का कहना है कि यदि मछलियों में कोई बीमारी होती तो वे धीरे-धीरे मरतीं और समय रहते उपचार किया जा सकता था। लेकिन एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत होने से उन्हें तालाब में जहरीला पदार्थ डाले जाने की आशंका है। हालांकि उन्होंने किसी से पुरानी रंजिश होने या किसी व्यक्ति पर सीधे तौर पर शक होने से इनकार किया है।
घटना के बाद संक्रमण और दुर्गंध फैलने से रोकने के लिए जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर मृत मछलियों को जमीन में दफन कराया जा रहा है। अचानक हुए इस नुकसान से मछली पालक के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
