सदर तहसील के राजस्व अमीन के शव के पोस्टमार्टम के दौरान एडीएम, CO फोर्स के साथ रहे तैनात, रिपोर्ट लेने के बाद ही शव को कब्जे में लेने पर अड़े रहे परिजन, पुत्र ने महिला समेत अन्य के खिलाफ दी तहरीर, 3 पर FIR

Uncategorized

सदर तहसील के राजस्व अमीन 58 वर्षीय सुरेश उपाध्याय के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। हत्या की आशंका के बीच तनाव की सूचना पर अधिकारी पहुंच गए। इस दौरान एडीएम, CO फोर्स के साथ तैनात रहे। रिपोर्ट लेने के बाद ही शव को कब्जे में लेने पर परिजन अड़ गए। पुत्र ने महिला रूबी सिंह, ओम प्रकाश सिंह समेत अन्य के खिलाफ तहरीर दी थी। नगर कोतवाली की पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुरेश उपाध्याय को 70 लाख की रिकवरी के लिए जाने पर धमकी दी गई थी। धमकी देने वालों ने खुद को पूर्व ब्लाक प्रमुख का रिश्तेदार बताया था।

अंबेडकर नगर जनपद के राज्य सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कुराव पदमपुर निवासी सुरेश उपाध्याय सदर तहसील में अमीन के पद पर तैनात थे। वह नगर कोतवाली क्षेत्र के कोल बाज बहादुर में मकान बनवाकर 10 साल से रहते थे। शनिवार सुबह वह सदर तहसील गए थे। इसके बाद RC वसूली के लिए निकले थे। इसके बाद वह लापता हो गए थे। मंगलवार की शाम सिधारी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के सिवान में सरसों के खेत में उनका शव मिला था। अमीन सुरेश उपाध्याय के पुत्र विकास ने आरोप लगाया कि रैदोपुर निवासी रूबी सिंह पुत्री चंद्रशेखर सिंह के नाम पर 70 लाख रुपए की वसूली की आरसी थी। वसूली के लिए करीब 15 दिन पहले रूबी सिंह के घर रैदोपुर गए थे। घर में रूबी सिंह के चाचा मिले। उन्होंने कहा कि तुम गलत जगह हाथ डाल दिए हो इसका खामियाजा तुमको अब भुगतना पड़ेगा। अमीन को आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि रूबी सिंह ने अपना नाम बदलकर आकांक्षा सिंह रख लिया है। उसने अहरोला निवासी ओम प्रकाश सिंह से शादी कर ली है। इसके बाद अमीन ने ओम प्रकाश सिंह के आवास पर आरसी भेजी। इस पर ओम प्रकाश सिंह ने भी उन्हें धमकाया। उसने खुद को पूर्व ब्लाक प्रमुख भूपेंद्र सिंह मुन्ना का भांजा बताया। रूबी सिंह उर्फ आकांक्षा सिंह उसके पति ओम प्रकाश सिंह और चाचा से धमकी मिलने के बाद अमीन सुरेश उपाध्याय भयभीत थे। परिवार के लोगों से कहते थे सभी बड़े अपराधी हैं। उनके साथ कुछ भी हो सकता है। बेटे विकास ने आरोप लगाया कि ओम प्रकाश सिंह, रूबी सिंह उर्फ आकांक्षा सिंह और रूबी सिंह के चाचा ने मिलकर अपहरण करने के बाद उनके पिता सुरेश की हत्या कर दी है इसके बाद शव सरसों के खेत में फेंक दिया है। कोतवाल यादवेंद्र पांडे ने बताया कि ओम प्रकाश सिंह, रूबी सिंह उर्फ आकांक्षा सिंह निवासी अहरौला, रूबी सिंह के चाचा निवासी रैदोपुर के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज का जांच की जा रही है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी अमीन की मौत का राज नहीं खुल सका है। जहर से मौत होने का संदेह जताया गया है। स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा जांच के लिए बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। उसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *