




आजमगढ़। फत्तनपुर मुस्तफाबाद गांव में होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पोखरे में डूबने से दो युवतियों की मौत हो गई। घटना निजामाबाद थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अंशिका (14) पुत्री सुरेश यादव और शिवांगी (18) पुत्री राजेश यादव होली खेलने के बाद गांव के समीप स्थित पोखरे में नहाने गई थीं। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को पोखरे से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रानी की सराय ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना अध्यक्ष निजामाबाद हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों युवतियों की मौत पानी में डूबने से हुई है। परिजन उन्हें ब्लॉक रानी की सराय ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
