ऑपरेशन त्रिशूल के तहत बड़ी कार्रवाई: 52.607 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार, 26 लाख रुपये कीमत की गांजे की खेप के साथ जहानागंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, पल्सर बाइक भी सीज

Uncategorized

जहानागंज (आजमगढ़)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिशूल के तहत आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 52.607 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में संलिप्त रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वरलाल गुर्जर के निर्देशन में 26 नवंबर को थाना जहानागंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सीही में निर्माणाधीन बाउंड्री और बबूल के पेड़ के पास मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से गांजे के पांच बंडल बरामद हुए। इनका कुल वजन 52.607 किलोग्राम था। पुलिस ने मौके से बृजेश राजभर उर्फ धरमू राजभर (40) पुत्र रामचेत राजभर, निवासी जानकीपुर, थाना तहबरपुर, आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 520 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजे के बंडल एक व्यक्ति को पहुंचाने के लिए मौके पर आया था। इसके बदले उसे रुपये मिलते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल से गांजे की खेप निर्धारित स्थानों पर पहुंचाकर दूसरे लोगों को आपूर्ति करता था। गांजा प्राप्त करने वाले अन्य व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
इस मामले में थाना जहानागंज में मु0अ0सं0 248/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2013 में थाना बिलरियागंज में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
कार्रवाई में थाना जहानागंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त भूमिका रही। आजमगढ़ पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचना फोटो, वीडियो और लोकेशन के साथ व्हाट्सएप नंबर 91518 28820 पर देने की अपील की है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *