प्रेमी पर कथित तौर पर प्रेमिका की हत्या का आरोप, युवती की मौत, युवक गिरफ्तार, युवती होली की रात घर से निकली सुबह रास्ते में पड़ी मिली

Uncategorized

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया पारा गांव में बुधवार की होली की रात को एक प्रेमी युगल ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस घटना में युवती की मौत हो गई, जबकि युवक को पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। युवती के परिजनों ने इसे हत्या का आरोप लगाया है। फुलवरिया पारा गांव निवासी सुरेश गोंड की पुत्री सरिता बीए की छात्रा थी। उसका गांव के ही युवक दिलीप से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले दोनों घर से फरार हो गए थे, लेकिन बाद में वापस लौट आए थे। बताया जा रहा है कि होली की रात बुधवार को दिलीप ने मोबाइल पर कॉल कर सरिता को गांव के सिवान क्षेत्र में बुलाया, जहां दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद दिलीप ने अपने एक मित्र को बुलाया, जिसने सरिता को उसके घर के पास रास्ते पर छोड़ दिया। गुरुवार भोर में गांव के लोगों ने सरिता को रास्ते पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर युवक दिलीप की हालत ठीक बताई जा रही है। मामले में युवती के पिता की तहरीर पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। परिजनों का आरोप है कि पूर्व में दर्ज मुकदमे की रंजिश के चलते युवती को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। अहरौला थानाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *