






आजमगढ़। जनपद में यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 67 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध लाल-नीली बत्ती, काली फिल्म, फर्जी नंबर प्लेट और अन्य नियम उल्लंघनों पर विशेष ध्यान दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कोतवाली क्षेत्र स्थित बागेश्वर चौराहा पर अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी एवं यातायात प्रभारी संजय कुमार पाल के साथ पुलिस टीम ने सघन चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान ऐसे वाहनों पर विशेष कार्रवाई की गई जिन पर अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती लगी थी, “पुलिस” या “उत्तर प्रदेश सरकार” लिखा था (बिना अधिकृत अधिकारी के), काली फिल्म लगी थी या फर्जी/फाल्टी नंबर प्लेट (नाम, जाति, धर्म या पद दर्शाने वाले शब्द) लगे थे।
अभियान के तहत कुल 67 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिनमें 9 वाहन काली फिल्म लगे पाए गए, 2 वाहन पुलिस कर्मियों द्वारा बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के उपयोग के मिले, 10 वाहन फर्जी नंबर प्लेट वाले थे, जबकि 45 अन्य वाहन विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़े गए।
पुलिस ने इस अभियान के जरिए स्पष्ट संदेश दिया कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार के अवैध प्रतीकों का प्रयोग न करें।
जनपद पुलिस ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाया जा सके।
