रास्ते के विवाद को लेकर मारपीट के दौरान युवती पर जानलेवा हमला, वीडियो हुआ वायरल, कोर्ट के आदेश पर 6 नामजद के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर पुलिस जांच तथा कार्रवाई में जुटी

Uncategorized

जनपद आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर युवती पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट के आदेश पर संबंधित थाने की पुलिस ने आधा दर्जन के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना करीब पौने दो महीने पूर्व की बताई जा रही, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जहां पीड़िता का आरोप रहा कि रास्ते के विवाद में आरोपियों ने गला दबाने के साथ फावड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
यह मामला आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव का है। पीड़िता संजू यादव ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 14 फरवरी 2026 की सुबह करीब 9 बजे गांव में रास्ते को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसमें युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने 112 नंबर पर सूचना दी और उपचार के लिए पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर और बाद में जिला अस्पताल आजमगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां पीड़िता तीन दिन तक भर्ती रही। पीड़िता का आरोप रहा कि घटना के बाद थाना कप्तानगंज में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी रजिस्ट्री के माध्यम से सूचना दी गई, लेकिन सुनवाई न होने पर पीड़िता ने जुडिशरी में अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर-13 में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। कोर्ट के आदेश पर थाना कप्तानगंज पुलिस ने 6 लोगों की विरुद्ध जिसमें विपिन, संजय, अनूप, गीता पत्नी महेन्द्र, शिखा पुत्री रणविजय और रणविजय निवासीगण ग्राम खालिसपुर थाना कप्तानगंज पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में एसपी ग्रामीण ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *