






आजमगढ़ पटवध से बबलू राय: जनपद के बिलरियागंज स्थानीय बाजार में मंगलवार को नये चौक के पास लगे एक बैनर को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। बैनर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया।
इस संबंध में पक्का पोखरा निवासी रामकरन यादव पुत्र स्वर्गीय रामदेव यादव ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उक्त बैनर को आशुतोष सिंह (कार्यकारी अध्यक्ष, यूथ अगेंस्ट माफिया), अभिनव तिवारी (महामंत्री) तथा गुलशन कुमार (प्रभारी, आजमगढ़) द्वारा लगवाया गया है। उनका कहना है कि बैनर के जरिए जानबूझकर सपा नेतृत्व की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के सपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और नाराजगी जाहिर करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस तरह के कृत्य से राजनीतिक माहौल खराब होता है और सामाजिक सौहार्द पर भी असर पड़ता है।
आक्रोश व्यक्त करने वालों में राम विनय यादव, दिनेश यादव, मोहम्मद आरिफ खान, कोमल पासवान, राकेश विश्वकर्मा, आसिफ अहमद समेत कई लोग शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विवादित बैनर को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
