






आजमगढ़, 17 अप्रैल 2026। जनपद में ऑनलाइन ठगी के एक मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 3500 रुपये वापस कराकर राहत दिलाई है। यह मामला OLX पर मोबाइल खरीदने के नाम पर हुई साइबर ठगी से जुड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीयनपुर थाना क्षेत्र के सुखमंगल नगर निवासी कृष्ण कुमार ने OLX पर एक पुराने मोबाइल का आकर्षक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में सस्ते दाम का लालच देकर विक्रेता ने उनसे संपर्क स्थापित किया और मोबाइल भेजने के नाम पर अग्रिम भुगतान की मांग की। विश्वास में आकर पीड़ित ने दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से 3500 रुपये भेज दिए, लेकिन इसके बाद न तो मोबाइल भेजा गया और न ही विक्रेता से संपर्क हो सका। कुछ समय बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ की टीम सक्रिय हुई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित खाते की जांच शुरू की। त्वरित समन्वय और कार्रवाई के चलते टीम ने सफलतापूर्वक पीड़ित की पूरी धनराशि वापस करा दी।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकार की ठगी में आरोपी OLX जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आकर्षक और सस्ते विज्ञापन डालकर लोगों को फंसाते हैं। इसके बाद क्यूआर कोड या यूपीआई के जरिए एडवांस पैसा लेकर संपर्क तोड़ देते हैं।
साइबर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन एडवांस भुगतान न करें और संभव हो तो ऐसी डील “डील इन पर्सन” के माध्यम से करें। किसी भी क्यूआर कोड को स्कैन करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच कर लें और अत्यधिक सस्ते ऑफर से सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रजत सिंह, कांस्टेबल संजय कुमार और कांस्टेबल विकास कुमार की अहम भूमिका रही। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने आजमगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
