ग्रामसभा की जमीन पर अवैध कब्जे की जांच, राजस्व टीम ने किया सीमांकन

Uncategorized

बरदह। मार्टिनगंज एसडीएम के निर्देश पर शनिवार को थाना क्षेत्र के कोहरौली गांव में राजस्व और पुलिस टीम ने ग्रामसभा की जमीन पर कथित अवैध कब्जे की जांच की। मौके पर पहुंची टीम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में जमीन का सीमांकन कराया।
जानकारी के अनुसार, कोहरौली गांव निवासी अनिल यादव ने एसडीएम मार्टिनगंज दिव्या सिकरवार को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि ग्रामसभा की गाटा संख्या 787 की पोखरी और देवस्थान की भूमि पर गांव के राजेश सिंह गुड्डू द्वारा अवैध तरीके से सीमेंट ईंट बनाने का कारखाना संचालित किया जा रहा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि फैक्ट्री के संचालन के लिए आवश्यक सरकारी अनुमति नहीं ली गई है और इससे गांव में प्रदूषण फैल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम के निर्देश पर सात सदस्यीय राजस्व टीम और पुलिस बल गांव पहुंचा।
टीम ने मौके पर भूमि का सीमांकन कर स्थिति का सत्यापन किया। अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही है।
इस दौरान नायब तहसीलदार अरुण कुमार कोल, कानूनगो सतीराम, राजस्वकर्मी जयप्रकाश कुमार, अजनी तिवारी, चंदन सिंह, रोशन, रोहित यादव सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *