आज़मगढ़ मऊ हाइवे 0आर बाजार में चौराहे पर पलटा शीरे से भरा टैंकर, 100 से अधिक लोग फिसलकर घायल, यातायात रहा घंटों बाधित

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र स्थित शाहगढ़ चौराहे पर शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब गन्ने के शीरे से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर सठियांव की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सामने से समेदा रोड की तरफ से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया। टैंकर डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी ओर पलट गया। इस दुर्घटना में टैंकर चालक और उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टैंकर पलटने के बाद उसमें भरा गन्ने का शीरा सड़क पर करीब 200 मीटर तक फैल गया, जिससे सड़क अत्यंत फिसलन भरी हो गई। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिसलन के कारण एक के बाद एक लोग गिरते रहे। अनुमान के अनुसार 100 से 150 लोग इस दौरान चोटिल हुए, जिनमें कई को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए लोगों को सुरक्षित मार्ग से निकालने का प्रयास किया। वहीं प्रशासन द्वारा सड़क की सफाई और शीरे को हटाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि आवागमन जल्द सामान्य हो सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा अचानक हुआ, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क को जल्द से जल्द पूरी तरह साफ कराया जाए और भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *