थाना गेट के पास 20 हजार की रिश्वत लेते दरोगा रंगे हाथ गिरफ्तार, आजमगढ़ में एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़, 17 अप्रैल 2026। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने थाना सरायमीर में तैनात एक उपनिरीक्षक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम को शिकायतकर्ता अवनीश कुमार राय, निवासी ग्राम गंगापुर थाना बिलरियागंज द्वारा सूचना दी गई थी कि सरायमीर थाने में तैनात उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह एक मुकदमे से नाम निकालने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम ने थाना सरायमीर के दक्षिणी गेट के सामने सड़क किनारे जाल बिछाया। जैसे ही उपनिरीक्षक ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पूरी 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद हुई, जिससे आरोप प्रथम दृष्टया सिद्ध हो गया।
एंटी करप्शन टीम ने आरोपी उपनिरीक्षक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित (ट्रैप टीम प्रभारी), निरीक्षक आनंद कुमार वर्मा, निरीक्षक कमलेश कुमार पासवान, उपनिरीक्षक मुर्ताजिर हुसैन खान सहित एंटी करप्शन टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *