
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम ओरिल चिड़ीमार में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पवई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडे और रॉड से हमला किया, गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देने के साथ वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस के अनुसार 25 जून को ग्राम ओरिल चिड़ीमार में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के संबंध में उपनिरीक्षक विशाल चक्रवर्ती की तहरीर पर थाना पवई में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह ग्राम ओरिल चिड़ीमार से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में अरविंद राजभर (24), अमन राजभर (23), पवन राजभर (20), विकास राजभर (25) निवासी ग्राम ओरिल चिड़ीमार तथा सूरज राजभर (19) निवासी आंधीपुर टेनुआ थाना फूलपुर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।
