अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट चुनाव: अतुल अग्रवाल ‘मुन्ना’ बने अध्यक्ष, कई पदों पर नए चेहरे विजयी, फूल माला पहना कर किया गया स्वागत

Uncategorized

आजमगढ़: शहर के प्रतिष्ठित श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के चुनाव में रविवार को दिनभर चले मतदान के बाद देर रात हुई मतगणना में विभिन्न पदों के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो गया। इस बहुप्रतीक्षित चुनाव में अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों पर नए चेहरों ने जीत दर्ज कर संगठन की कमान संभाली।
ट्रस्ट अध्यक्ष पद पर हुए मुकाबले में अतुल कुमार अग्रवाल उर्फ मुन्ना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 420 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने वर्तमान अध्यक्ष सुदर्शन प्रसाद अग्रवाल को पराजित किया, जिन्हें 244 वोट मिले। इस परिणाम के साथ ही ट्रस्ट में नेतृत्व परिवर्तन स्पष्ट हो गया।
वहीं अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार अध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने 421 मत पाकर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी ओम प्रकाश अग्रवाल को 241 वोट मिले।

अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार उपाध्यक्ष पद पर आशीष अग्रवाल 380 वोट के साथ विजयी रहे, जबकि अंकित अग्रवाल को 283 मत प्राप्त हुए। अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार प्रबंधक पद के लिए डेविड अग्रवाल ने 432 मत हासिल कर स्पष्ट बढ़त बनाई और जीत दर्ज की। उनके मुकाबले में निखिल अग्रवाल को 226 वोट मिले। अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार सहायक प्रबंधक पद पर अमरनाथ अग्रवाल 345 मतों के साथ विजयी हुए, जबकि गगन कुमार अग्रवाल को 312 मत प्राप्त हुए।
गौरतलब है कि अग्रवाल समाज की कार्यकारिणी का यह चुनाव कई वर्षों बाद आयोजित हुआ था, जिसको लेकर समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। पिछले कई दिनों से प्रत्याशियों द्वारा जोर-शोर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। ट्रस्ट की शहर और बाहरी क्षेत्रों में फैली संपत्तियों के प्रबंधन और संचालन को लेकर यह चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बना हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *