
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में वांछित सहयोगी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को पीड़िता के परिजन ने मुबारकपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री 25 जून को बिना बताए घर से चली गई थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पीड़िता के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अपहरण के साथ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। विवेचना के दौरान गुलशन जयसवार का नाम सहयोगी अभियुक्त के रूप में सामने आने पर उसकी तलाश की जा रही थी।
मंगलवार को उपनिरीक्षक मोहम्मद शमशाद खान और उनकी टीम ने सठियांव रेलवे क्रॉसिंग के पास चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर सठियांव चौराहे से आरोपी गुलशन जयसवार (22), निवासी प्यारेपुर, थाना निजामाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
