






आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में वाहन साइड करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीयनपुर थाना क्षेत्र के टेकनगढ़ा गांव निवासी शिवप्रसाद का पुत्र अजीत (उम्र लगभग 19 वर्ष) मुबारकपुर से ढलाई का कार्य कर ट्रैक्टर व मशीन के साथ अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान ओझौली पुल से पहले नकुल जायसवाल की दुकान के सामने मोटरसाइकिल सवार तीन युवक—राज पुत्र बाले निषाद, सोनू पुत्र सुनील निषाद और जैस पुत्र राजेन्द्र निषाद—ने उसे रोक लिया। आरोप है कि वाहन साइड करने को लेकर पहले जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर तीनों ने एकजुट होकर युवक के पेट में चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद ट्रैक्टर चालक शुक्खू द्वारा बीच-बचाव किया गया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घायल युवक का इलाज रामा अस्पताल, आजमगढ़ में चल रहा है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
