
आजमगढ़। सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ आजमगढ़ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। ऑपरेशन सड़क पर सूरूर के तहत मंगलवार 13 अक्टूबर को पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत चालान किया। साथ ही भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने की चेतावनी दी गई।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान के दौरान सड़क अथवा सड़क किनारे सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले 12 लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने से आम लोगों को असुविधा होती है और सड़क पर अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़कों, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें। नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
