






मेहनगर (आजमगढ़), 20 अप्रैल 2026: तहसील बार एसोसिएशन मेहनगर के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का बड़ा निर्णय लिया है। सोमवार को आयोजित आवश्यक बैठक में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया, जिससे तहसील न्यायालयों का कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुमार सिंह (दिनांक 20.04.2026) और अधिवक्ता प्रमोद कुमार दुबे (दिनांक 18.04.2026) के प्रार्थना-पत्रों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार मेहनगर पर आरोप लगाया कि वे पत्रावलियों में बिना सुनवाई के विधि विरुद्ध निर्णय ले रहे हैं, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
अध्यक्ष रामजन्म सिंह और मंत्री श्याम बिहारी सरोज द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया कि जब तक प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर सकारात्मक वार्ता नहीं हो जाती, तब तक सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से पूर्णतः विरत रहेंगे।
इस निर्णय की सूचना उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार मेहनगर को भी भेज दी गई है।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा, राजबहादुर सिंह, विनोद सिंह, पूर्व मंत्री अशोक यादव, राजबहादुर यादव, दिलीप कुमार, शोभनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
