
आजमगढ़/बलरामपुर। मोबाइल चार्जर बिजली के बोर्ड में लगाते समय करंट की चपेट में आए युवक की गुरुवार रात अतरौलिया अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी प्रियंका समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अंबेडकरनगर जिले के कटका थाना क्षेत्र के भगवानपुर मंझरिया गांव निवासी 33 वर्षीय संजय गुजरात में एक कंपनी में काम करता था। करीब एक माह पहले वह घर आया था। उसकी ससुराल कटका थाना क्षेत्र के पाभी गांव में है। इन दिनों वह पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में रह रहा था।
गुरुवार दोपहर संजय मोबाइल का चार्जर बिजली के बोर्ड में लगा रहा था। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अतरौलिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
हालांकि, उपचार के दौरान गुरुवार रात संजय ने दम तोड़ दिया। वह एक पुत्र और एक पुत्री का पिता था। युवक की मौत के बाद पत्नी प्रियंका और परिवार के लोगों में मातम पसरा हुआ है। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
