मकान में घुसकर हजारों के सामान व नगदी की चोरी, पुलिस जांच में जुटी, पीछे के दरवाजे का ताला तोड़ चोर घुसे, पीड़ित परिवार को नहीं लगी भनक

Uncategorized

मेहनगर (आजमगढ़), 20 अप्रैल:
स्थानीय थाना क्षेत्र के गौरा गांव में रविवार की देर रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के सामान व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गौरा गांव निवासी पतिराम यादव के घर के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। उस समय घर में केवल उनकी दो बहुएं मौजूद थीं, जो रोज की तरह खाना खाने के बाद घर के सामने बने बरामदे में सोने चली गई थीं।
बताया जा रहा है कि देर रात चोरों ने सुनसान का फायदा उठाते हुए पीछे का ताला तोड़ा और घर के अंदर घुसकर बक्सा, अलमारी व बेड को खंगाल दिया। चोरों ने घर का सामान बिखेरते हुए कीमती जेवरात और नगदी चोरी कर ली।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, रात करीब 11 बजे तक वे जाग रही थीं, उसके बाद सो गईं। सुबह उठने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए और शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलने पर मेहनगर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। चोरी में सोने की दो चेन, दो अंगूठी, पायल, मीना सहित करीब 12 हजार रुपये नगद चोरी होने की बात सामने आई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *