बैठौली पेट्रोल पंप साझेदारी विवाद में करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप, कोर्ट में दी अर्जी, पिता, पुत्र, बहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत

Uncategorized

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला पेट्रोल पंप संचालक ने अपने साझेदारों पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी, मारपीट और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर पिता पुत्र और दूसरी बहू पर बीएस की धारा 319 (2), 318 (4), 115 (2), 351, 352(3) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मौजा बैठौली निवासी कुसुम सिंह ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह हिन्दुस्तान पेट्रोलियम की डीलर हैं और “आरआर फ्यूल प्वाइंट” नाम से पेट्रोल पंप संचालित करती हैं। उनके पति विजयपाल सिंह कैंसर से पीड़ित हैं, जिसके इलाज में काफी धन खर्च हो गया और कंपनी व बैंक का बकाया बढ़ गया।
इसी दौरान उनकी मुलाकात सरायमीर थाना के कौरा गहनी निवासी जयप्रकाश जायसवाल से हुई, जिन्होंने अपनी विधवा बहू सोना देवी को साझेदार बनाने का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि जयप्रकाश ने आर्थिक मदद के नाम पर करीब 30 लाख रुपये दिए, जिसके बाद अप्रैल 2023 में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए पार्टनरशिप डीड तैयार की गई।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद सोना देवी, उनके देवर शैलेश जायसवाल और ससुर जयप्रकाश जायसवाल ने पेट्रोल पंप का पूरा संचालन अपने हाथ में ले लिया और आय-व्यय का हिसाब भी खुद रखने लगे। इस दौरान पेट्रोल पंप की आमदनी का दुरुपयोग कर निजी कार्यों और चुनाव में पैसा खर्च किया गया, जिससे कंपनी का बकाया बढ़कर करीब 3 करोड़ रुपये हो गया और 4 अक्टूबर 2025 को कंपनी ने सप्लाई बंद कर दी। सोना देवी को मार्टिनगंज नगर पंचायत का अध्यक्ष पद का चुनाव लड़वाया गया। जयप्रकाश के एक अन्य पुत्र डॉ अखिलेश की शादी में बहुत ज्यादा खर्च किया गया। पीड़िता ने हिसाब मांगा तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके पति का गला दबाने का प्रयास किया और उन्हें भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही आरोप है कि आरोपियों ने उल्टा उनके खिलाफ सिधारी थाने में फर्जी मुकदमा भी दर्ज करा दिया।
पीड़िता ने बताया कि उसने पुलिस और प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूर होकर उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
न्यायालय से पीड़िता ने मांग की है कि सिधारी थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच का आदेश दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *