






आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र में मेडिकल स्टोर से हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के ₹15 हजार नकद, एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को अंजान शहीद निवासी जावेद अख्तर ने थाना जीयनपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके आफाक मेडिकल स्टोर के कैश काउंटर से अज्ञात चोरों ने ₹20 हजार चोरी कर लिया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 21 अप्रैल की सुबह करीब 3:55 बजे पुलिस टीम ने बागखालिस से बक्खोपुर मार्ग पर घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक सिंह उर्फ आकाश सिंह (24) और अन्तिमा सिंह (31) निवासी ग्राम किशुनपुरा थाना जहानागंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की घटना स्वीकार कर ली है। इनके पास से ₹15 हजार नकद बरामद हुआ, जबकि अभिषेक सिंह के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों अभियुक्तों पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य, उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा, महिला उपनिरीक्षक गीतांजली यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
