
आजमगढ़। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत रविवार को जनपद के सभी 4361 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं का पंजीकरण कराने पर जोर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में यह अभियान चलाया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने विधानसभा मेहनगर के प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालय चौरी खास, नौरसिया और कुटहन सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बीएलओ को निर्धारित समय तक उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण ने विधानसभा सदर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह ने विधानसभा सगड़ी, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने विधानसभा दीदारगंज तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार शुक्ल ने विधानसभा लालगंज के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। अन्य अधिकारियों ने भी मतदेय स्थलों पर पहुंचकर अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों के पास 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रही। नागरिकों ने बूथों पर पहुंचकर सूची में अपना नाम जांचा। नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध कराया गया। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय रही, जहां नागरिकों को आवेदन संबंधी जानकारी और सहायता दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवस पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर उपस्थित रहे। अभियान में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, पूर्व एवं वर्तमान ग्राम प्रधानों, पार्षदों और स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया गया। सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़कर पात्र नागरिकों तक जानकारी पहुंचाई गई।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण जरूरी है। सभी नागरिक अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें और सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सहयोग करें। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
