
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ मोड़ के पास रविवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सलेमपुर निवासी अली अख्तर (22) पुत्र ऐनु अख्तर बाइक से बिलरियागंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक बाइक पर सवार निखिल पुत्र स्वर्गीय राजू, दिव्यांशु गौतम और गोविंद यादव पुत्र राजकुमार, निवासी निवियहवा थाना रौनापार, आ रहे थे। तेंदुआ मोड़ के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अली अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार निखिल, दिव्यांशु गौतम और गोविंद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
इधर, पुलिस ने मृतक अली अख्तर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच-पड़ताल में जुटी है। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
